home page

चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष की झूठी कहानी का जनता पर कोई असर नहीं होगा: एकनाथ शिंदे

 | 

मुंबई, 29 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा विपक्ष की ओर चुनाव आयोग के खिलाफ झूठी कहानी का जनता पर कोई असर नहीं होगा। एकनाथ शिंदे ने कहा कि इस संबंध में चुनाव आयोग ने स्पष्टीकरण दे दिया है, इससे विपक्ष की मंशा बेअसर हो गई है।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि चुनाव आयोग के तीनों सदस्यों ने संयुक्त बैठक कर पूरे मामले पर विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी की और स्थिति स्पष्ट कर दी। उन्होंने कहा, फैलाई जा रही झूठी कहानी गुब्बारे की तरह फूट गई है और पूरी तरह खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि जब तीनों चुनाव आयुक्तों ने संयुक्त रूप से विस्तृत स्पष्टीकरण दे दिया है, तो अब विरोध-प्रदर्शन का क्या मतलब है।

उल्लेखनीय है कि विपक्षी दल चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। यह मांग एक रिपोर्ट के बाद उठी, जिसमें दावा किया गया था कि चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने और बहाली तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया से जुड़े फैसलों पर कम से कम 14 बार आधिकारिक आपत्ति दर्ज कराई थी।

एकनाथ शिंदे ने कहा कि विपक्षी दल चुनाव जीतने पर आयोग की कार्यप्रणाली को सही बताते हैं, जबकि हारने पर उसी आयोग पर सवाल उठाते हैं। चुनाव आयोग को मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। विपक्षी दल पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। आयोग ने चुनावी गड़बड़ी के आरोपों को खारिज करते हुए विभिन्न मुद्दों पर स्पष्टीकरण जारी किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव