महाराष्ट्र के नासिक और पालघर जिलों में भूकंप के झटके, लोगों में दहशत का माहौल
मुंबई, 25 जुलाई, (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक और पालघर जिलों में शनिवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। जिला प्रशासन ने लोगों को $अफवाहों से दूर रहने और सावधान रहने की अपील की है।
नासिक जिला प्रशासन के अनुसार नासिक जिले के सुरगाणा तहसील के बोरगांव और उसके आसपास के इलाकों में आज सुबह 9.55 बजे से भूकंप के चार हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.6 दर्ज की गई है। एक के बाद एक चार झटकों से बोरगांव इलाके के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, भूकंप के झटकों की तीव्रता बहुत हल्की थी, जिससे किसी तरह का जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। भूकंप के झटकों से इलाके में डर का माहौल है। प्रशासन हालात पर करीब से नजर रखे हुए है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप का केंद्र नासिक शहर से लगभग 44 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में था।
दूसरी तरफ, पालघर में आज सुबह करीब 10.57 बजे एक और भूकंप महसूस किया गया और इस झटके की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.1 दर्ज की गई। यह भूकंप पालघर के दहानू तालुका के धुंदलवाड़ी कासा इलाके में आया था, जिससे लोगों में डर का माहौल है। पालघर के भूकंप का केंद्र मुंबई से लगभग 93 किलोमीटर उत्तर में 9 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप के झटके के बाद लोग अपने घरों को छोडक़र बाहर निकल आए थे। इसलिए लोगों में भूकंप से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। पालघर जिला प्रशासन ने बताया कि उनकी टीम भूकंप प्रभावित इलाकों में निरीक्षण कर रही है। लोगों से सावधानी बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

