home page

मुंबई में 10.16 करोड़ की हेरोइन जब्त, तीन गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई में दो अलग-अलग ठिकानों पर क्राइम ब्रांच पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.032 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 10.16 करोड़ रुपये बताई गई है। इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब कथित सप्लायर और ड्रग्स के बड़े नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि क्राइम ब्रांच ने शहर में दो अलग-अलग ऑपरेशन चलाकर यह कार्रवाई की है और इस दौरान करीब 30 हजार रुपये कीमत के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। खुफिया जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने कांदिवली पश्चिम में कार्रवाई की। इस दौरान दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर उनके पास से 758 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 3.79 करोड़ रुपये आंकी गई है। इन दोनों आरोपितों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बोरीवली में एक और ऑपरेशन चला कर तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने तीसरे आरोपित के पास से 1,274 ग्राम हेरोइन जब्त किया, इसकी कीमत करीब 6.37 करोड़ रुपये बताई गई है। दोनों कार्रवाइयों में कुल 2,032 ग्राम हेरोइन जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 10.16 करोड़ रुपये है। पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपितों के एक अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े होने की आशंका जताई गई है। क्राइम ब्रांच अब कथित सप्लायर का पता लगाने के साथ ही ड्रग्स की सप्लाई और वितरण नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव