home page

चेंबूर में 10.14 लाख रुपये की एमडी ड्रग्स समेत दो आरोपित गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने बुधवार को चेंबूर में 331.49 ग्राम मेफेड्रोन ड्रग्स जब्त की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 10 लाख 14 हजार 470 रुपये बताई गई है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की गहन छानबीन मुंबई क्राईम ब्रांच पुलिसकर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स सेल की आजाद मैदान यूनिट ने चेंबूर के आरसी मार्ग इलाके में दो लोगों को संदिग्ध गतिविधियां करते हुए देखा। पुलिस ने उन पर नजर रखने के बाद तलाशी ली, जिसमें मेफेड्रोन बरामद हुई। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ड्रग्स जब्त कर ली गई। इस मामले में पहले आरोपी के पास से 117.58 ग्राम और दूसरे आरोपी के पास से 213.91 ग्राम मेफेड्रोन बरामद की गई। इस तरह कुल 331.49 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 10,14,470 रुपये है।

इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ड्रग्स कहां से लाए थे और इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव