home page

मुंबई एयरपोर्ट पर ट्रेडमिल की मोटर से 1.10 करोड़ का सोना जब्त, दो आरोपित गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 09 सितंबर (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंबई एयरपोर्ट के एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स में हांगकांग से आयातित ट्रेडमिल की मोटर के भीतर छिपाकर लाया गया करीब 1.10 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया है। मामले में डीआरआई ने एक चीनी नागरिक और आयातक फर्म से जुड़े एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एजेंसी मामले की आगे जांच कर रही है।

जांच अधिकारी के अनुसार, डीआरआई को गोपनीय सूचना मिली थी कि हांगकांग से आयात की जा रही ट्रेडमिल की खेप में सोना छिपाकर भारत लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने मुंबई एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स में पहुंची खेप की निगरानी शुरू की और उसे जांच के लिए रोका।

जांच के दौरान एक ट्रेडमिल की मोटर के भीतर विशेष तरीके से छिपाया गया 24 कैरेट सोने का आर्क के आकार का बार बरामद हुआ। इसका वजन 691.870 ग्राम है और अंतरराष्ट्रीय बाजार के आधार पर इसकी कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये आंकी गई है।

डीआरआई के मुताबिक, सोने को ट्रेडमिल की मोटर के अंदर इस तरह छिपाया गया था कि वह मशीनरी के सामान्य हिस्से जैसा दिखाई दे। जांच एजेंसी को आशंका है कि तस्करी के लिए कानूनी वाणिज्यिक आयात चैनल का इस्तेमाल किया गया, ताकि मशीनरी की खेप के साथ सोना आसानी से भारत पहुंचाया जा सके।

मामले में सोना बरामद होने के बाद डीआरआई ने कथित तस्करी से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें एक चीनी नागरिक और आयातक फर्म से संबंधित व्यक्ति शामिल है। एजेंसी अब दोनों की भूमिका और उनके संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

डीआरआई को आशंका है कि इस मामले के पीछे चीनी नागरिकों और उनके भारतीय सहयोगियों से जुड़ा कथित अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी नेटवर्क हो सकता है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि क्या इसी तरीके से मशीनरी या अन्य वाणिज्यिक सामान की आड़ में पहले भी सोना भारत लाया गया है।

जांच एजेंसी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कारोबारियों की भूमिका भी खंगाल रही है। साथ ही बरामद सोने के स्रोत, खेप के आयात से जुड़े दस्तावेज और कथित तस्करी में इस्तेमाल किए गए पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव