मुंबई एयरपोर्ट पर डीआरआई ने 3.47 करोड़ रुपये का सोना ज़ब्त किया, पांच आरोपित गिरफ्तार
मुंबई, 22 अक्टूबर (हि.स.)। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की टीम ने मुंबई एयरपोर्ट पर 2.317 किलोग्राम विदेशी सोने की छड़ें ज़ब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 3.47 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में पांच आरोपिr को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले की गहन छानबीन डीआरआई की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे डीआरआई अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि उनकी टीम को मुंबई एयरपोर्ट पर तस्करी का सोना आने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी आधार पर डीआरआई टीम ने एयरपोर्ट पर निगरानी रखी थी। इसी निगरानी के दौरान कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े पांच लोगों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपितों में दो यात्री, एक थर्ड-पार्टी एजेंसी का कर्मचारी और दो रिसीवर शामिल हैं। इनके पास से ज़ब्त किया गया सोना 24 कैरेट का विदेशी सोना है। शुरुआती जांच में आरोपियों की कथित तौर पर तस्करी के सोने की गुप्त आवाजाही और उसे संबंधित लोगों तक पहुंचाने में भूमिका सामने आई है। सोने की ज़ब्ती और गिरफ्तारियां सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत की गई हैं। जांच एजेंसी अब इस गिरोह के बड़े नेटवर्क का पता लगाने और तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
एक करोड़ की कोकीन सहित विदेशी महिला गिरफ्तार
डीआरआई अधिकारी ने बताया कि मुंबई एयरपोर्ट पर एक अन्य कार्रवाई में डीआरआई ने 190 ग्राम कोकीन बरामद की है, जिसकी अवैध बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। इस मामले में ज़ाम्बिया की एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में गिरफ्तार महिला सिएरा लियोन की राजधानी फ्रीटाउन से इथियोपिया के अदीस अबाबा होते हुए मुंबई पहुंची थी। खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने उसे एयरपोर्ट पर रोका। जांच एजेंसी को संदेह था कि महिला अपने शरीर के अंदर कैप्सूल के जरिए नशीले पदार्थ की तस्करी कर रही है। इसके बाद कराई गई मेडिकल जांच के दौरान महिला के शरीर से सफेद पाउडर से भरे 11 कैप्सूल निकाले गए। जांच में बरामद पदार्थ के कोकीन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रतिबंधित पदार्थ ज़ब्त कर महिला को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीेएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में भी अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। मुंबई एयरपोर्ट पर की गई इन दोनों कार्रवाइयों के बाद जांच एजेंसी सोने और मादक पदार्थों की कथित तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि खुफिया जानकारी के आधार पर ऐसे संगठित गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

