home page

डीआरआई ने नवी मुंबई में 139 करोड़ रुपये के तरबूज के बीज और हरी मटर जब्त किया

 | 

मुंबई, 20 अप्रैल (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने नवी मुंबई में स्थित न्हावा शेवा पोर्ट पर छापा मारकर 139 करोड़ रुपये के तस्करी किए गए तरबूज के बीज और हरी मटर के 132 कंटेनर ज़ब्त किए हैं । इस मामले में डीआरआई ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। यह तरबू के बीज और हरी मटर कुल 3,029 मीट्रिक टन माल तूर दाल के नाम पर तंजानिया और सुडान से मुंबई लाए गए थे।

डीआरआई के अधिकारी ने सोमवार को बताया कि उनकी टीम को तंजानिया और सुडान से भारी मात्रा में तरबूज के बीज और हरी मटर लाने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इस पर उनकी टीम ने नवी मुंबई स्थित न्हावा सेवा पोर्ट पर कंटेनरों की तलाशी ली। तलाशी के वक्त संदिग्ध कंटेनरों पर तूर दाल का लेबल लगाया गया था, लेकिन जब इन कंटेनरों की जांच की गई, तो इसमें तरबूज के बीज और हरी मटर मिली। इसके बाद इन कंटेनरों को जब्त करके आयातक को गिरफ्तार किया गया है।

उल्लेखनीय है कि सरकार ने घरेलू किसानों को कम कीमत वाले आयात से बचाने के लिए इन वस्तुओं पर सख्त आयात प्रतिबंध लगाए हैं। जून 2024 के बाद तरबूज के बीजों के आयात को प्रतिबंधित कर दिया गया है, जबकि हरी मटर का आयात एक न्यूनतम आयात मूल्य के अधीन प्रतिबंधित है और इसका आयात केवल कोलकाता बंदरगाह के माध्यम से ही किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव