संभाजीनगर में मामूली विवाद में पिता-पुत्र की हत्या, पांच गिरफ्तार
मुंबई, 21 अक्टूबर (हि.स.)। छत्रपति संभाजीनगर में वालुज औद्योगिक क्षेत्र के रंजनगांव शेनपुंजी में मामूली विवाद में पिता और पुत्र की हत्या करने वाले पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले की छानबीन वालुंज पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि बीती रात रामदास कीर्तिकर और उनके बेटों का पड़ोस में रहने वाले राजेंद्र गायचंद्र और उनके बेटों के साथ मामूली विवाद हो गया था। इसी दौरान शानो गायचंद चाकू लेकर आया, जबकि अन्य लोगों ने लकड़ी के डंडों और लाठियों से हमला किया। इस बीच नागेश ने कथित तौर पर बाबासाहेब और उनके बेटे निहाल पर चाकू से वार कर दिए। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अधिक खून बहने के कारण दोनों की मौत हो गई। घटना में साहिल और कुणाल भी घायल हुए हैं। दोनों का छत्रपति संभाजीनगर के घाटी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोहरी हत्या की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपित हरियाणा भागने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए राजेंद्र, मनोज, नागेश, मानसी और शानो गायचंद को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एमआईडीसी वालुज पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

