धुले में एसटी बस और ट्रक में टक्कर, 45 छात्र घायल
मुंबई, 04 सितंबर (हि.स.)। धुले जिले के साक्री तहसील में म्हासदी गांव के पास शुक्रवार को एसटी बस और ट्रक के बीच टक्कर होने से बस में सवार 45 छात्र और अन्य यात्री घायल हो गए। इनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना में सभी घायलों का इलाज नजदीकी सरकारी अस्पताल में हो रहा है। इस घटना की छानबीन धुले पुलिस कर रही है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह एसटी बस धुले से म्हसदी की ओर जा रही थी। इसी दौरान म्हसदी गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस को काफी नुकसान पहुंचा। घटना के समय बस में स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों की संख्या अधिक थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल स्टूडेंट्स का इलाज मेडिकल टीम की निगरानी में किया जा रहा है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

