धुले में दो वाहनों की टक्कर में पति-पत्नी की मौत
मुंबई, 06 सितंबर (हि.स.)। धुले जिले के पिंपलनेर में स्थित कवाथे गांव के पास रविवार शाम को एक ट्रक और स्कूटी के बीच हुई टक्कर में पति-पत्नी की मौत हो गई । इस घटना की गहन छानबीन साक्री पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मृतकों की पहचान राजेंद्र महारू नेरकर (66) और उनकी पत्नी रेखा राजेंद्र नेरकर (59) के रूप में हुई है। दोनों दहीवेल से साक्री की ओर स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान कवाथे गांव के पास होटल ताज के सामने आयशर ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक तुरंत मौके पर पहुंचे और निजी एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को साक्री ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टर डॉ. मुकेश मोरे ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

