home page

धारावी एक्सपीरियंस सेंटर से निवासियों में पुनर्विकास को लेकर विश्वास बढ़ेगा : फडणवीस

 | 

मुंबई, 02 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शुक्रवार को मुंबई में कहा कि ‘धारावी एक्सपीरियंस सेंटर’ से धारावी के निवासियों को पुनर्विकास परियोजना की योजनाओं के साथ उनके भावी घर, कार्यस्थल और आसपास के परिवेश का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा। इससे अफवाहों, गलतफहमियों और अधूरी जानकारी पर अंकुश लगेगा तथा पुनर्विकास को लेकर विश्वास का माहौल बनेगा।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने शुक्रवार को पीएमजीपी कॉलोनी, एच ब्लॉक, बीकेसी के पास स्थापित अत्याधुनिक ‘धारावी एक्सपीरियंस सेंटर’ का उद्घाटन किया और इसका निरीक्षण किया। मौके पर धारावी पुनर्विकास परियोजना, पुनर्वासित नागरिकों के लिए आवास, उद्योगों के लिए प्रस्तावित स्थान और सामाजिक बुनियादी ढांचे की जानकारी डिजिटल एवं ऑडियो-विजुअल माध्यमों से प्रदर्शित की गई है।

उन्होंने कहा कि धारावी केवल झुग्गी बस्ती नहीं, बल्कि मुंबई की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। कुंभारवाड़ा के कुम्हार उद्योग, चमड़ा व्यवसाय, खाद्य प्रसंस्करण, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग सहित कई छोटे-बड़े उद्योग यहां संचालित होते हैं। पुनर्विकास में इन उद्योगों की पहचान को बनाए रखते हुए उन्हें बेहतर और सुनियोजित कार्यस्थल उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र में नागरिक वास्तविक समय में धारावी के वर्तमान स्वरूप और पुनर्विकास के बाद इसके संभावित स्वरूप को देख सकेंगे। आवास, सडक़, खुले स्थान, सामाजिक सुविधाओं और रोजगार के अवसरों की जानकारी भी यहां एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धारावी की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान को बरकरार रखते हुए समग्र विकास का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर गायक शंकर महादेवन द्वारा गाए विशेष गीत ‘धारावी का कल’ का लोकार्पण तथा ‘मेरे सपनों की धारावी’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया।

इस अवसर पर मुंबई नगर निगम आयुक्त अश्विनी भिडे, धारावी विकास परियोजना एवं एसआरए के सीईओ डॉ. महेंद्र कल्याणकर, सचिव विपिन पालीवाल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव