home page

पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ में बंद फ्लैट में से युवती का सड़ा-गला शव बरामद, जांच जारी

 | 

मुंबई, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ में एक 34 वर्षीय युवती का शव बंद फ्लैट में सड़ी-गली हालत में पुलिस ने बरामद किया है। शिरगांव पुलिस स्टेशन की टीम ने महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले की गहन छानबीन की जा रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि मृतका की पहचान छत्रपति संभाजीनगर निवासी मुग्धा अविनाश देशमुख के रूप में हुई है। वह एमबीए की पढ़ाई के लिए लंदन गई थी। फिलहाल उसकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, मुग्धा जुलाई 2025 में एमबीए की पढ़ाई के लिए लंदन गई थी। वह नियमित रूप से अपने परिवार के संपर्क में रहती थी। हालांकि, 23 अक्टूबर 2026 को मां से आखिरी बार बातचीत करने के बाद अचानक उसका संपर्क परिवार से टूट गया।

परिजनों ने जब लंदन में उसके दोस्तों से संपर्क किया, तो पता चला कि मुग्धा अगस्त के अंत में ही लंदन छोड़ चुकी थी। मुग्धा का पता लगाने के लिए परिजनों ने उसके बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड ट्रांजेक्शन की जांच की। इस दौरान पता चला कि उसके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल भारत में जोमैटो, ब्लिंकिट और स्विगी जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर किया गया था। इस जानकारी के बाद परिवार को उसके भारत में होने का संदेह हुआ।

परिजनों ने छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा पुलिस स्टेशन में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान मुग्धा की लोकेशन पिंपरी-चिंचवड़ के गहुंजे स्थित लोढ़ा बेलमोंडो सोसाइटी में मिला। इसके बाद पुलिस ने नकली चाबी की मदद से बंद फ्लैट खुलवाया, जहां मुग्धा का शव सड़ी-गली हालत में बरामद हुआ।

शिरगांव पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक देवेंद्र चव्हाण ने मीडिया को बताया कि मुग्धा की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मुग्धा लंदन से भारत कब और किन परिस्थितियों में लौटी थी तथा गहुंजे के फ्लैट में उसके साथ क्या हुआ था?

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव