home page

दही हांडी को ओलंपिक्स तक ले जाने की कोशिश करेगी सरकार : मुख्यमंत्री फडणवीस

 | 

मुंबई, 25 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को मुंबई में कहा कि महाराष्ट्र की संस्कृति और मुंबई की पहचान से जुड़ा दही हांडी का खेल अब देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाए, इसके लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि गोविंदा के इस साहसिक खेल को ऑल इंडिया स्तर पर पहचान दिलाकर आगे एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक्स तक ले जाने की कोशिश की जाएगी।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आज वर्ली स्थित एसवीपी स्टेडियम में आयोजित प्रो गोविंदा लीग 2026 सीजन-4 का उद्घाटन कर रहे थे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि दही हांडी केवल त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक शक्ति का प्रतीक है। गोविंदाओं द्वारा एक-दूसरे का साथ देकर मानव पिरामिड बनाकर हांडी फोडऩे की परंपरा समाज को एकजुटता का संदेश देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दही हांडी उत्सव को आधुनिक और पेशेवर खेल प्रतियोगिता का स्वरूप देने के उद्देश्य से शुरू की गई प्रो गोविंदा लीग देश में मानव पिरामिड बनाने वाले खेल की पहली पेशेवर लीग के रूप में पहचान बना रही है। उन्होंने गोविंदा टीमों, कोच और खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस खेल को ओलंपिक एसोसिएशन और संबंधित खेल संगठनों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाने के लिए आवश्यक सहयोग करेगी। इसके बाद इसे एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ और अंतत: ओलंपिक्स तक ले जाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि राज्य सरकार ने दही हांडी यानी प्रो गोविंदा को एडवेंचर स्पोर्ट का दर्जा दिया है। वर्ष 2023 से गोविंदाओं का बीमा भी कराया जा रहा है। इस वर्ष करीब 1.60 लाख गोविंदाओं का बीमा कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस बार प्रो गोविंदा लीग में 16 टीमें और 3,200 गोविंदा हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी।

इस अवसर पर मुंबई नगर निगम की महापौर रितु तावड़े, विधायक रंजीत पाटिल, प्रो गोविंदा लीग के अध्यक्ष पूर्वेश सरनाईक और शायना एन.सी. सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव