home page

सेवा संकल्प अभियान के तहत मुंबई में साइकिल रैली

 | 

मुंबई, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई सिटी डिस्ट्रिक्ट कलेक्ट्रेट की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को साइकिल रैली निकाली गयी। रैली के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वेच्छा से इसमें हिस्सा लिया।

जिला कलेक्टर आंचल गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर बप्पासाहेब थोरात के मार्गदर्शन और निवासी उप जिला कलेक्टर डॉ. शिवनंदा लंगड़ापुरे की योजना के तहत आयोजित रैली को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर गेटवे ऑफ इंडिया होते हुए एनसीपीए और मरीन ड्राइव पहुंची। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक भागीदारी का संदेश दिया। रैली में निवासी उप जिला कलेक्टर डॉ. शिवनंदा लंगड़ापुरे, तहसीलदार डॉ. मानसी मार्लेवार, ‘माई भारत’ के उप निदेशक अनूप इंगवाले, उप तहसीलदार प्रभाकर नाइक सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को नागरिकों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा सामाजिक गतिविधियों में अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव