नवी मुंबई में पुलिस कस्टडी में आरोपित की मौत मामले की जांच सीआईडी करेगी
मुंबई, 09 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में पुलिस कस्टडी में हुई मौत मामले की छानबीन शुक्रवार को गृह विभाग ने राज्य पुलिस अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) को सौप दिया है।
गृह मंत्रालय के आदेश के बाद सीआईडी ने मामले की छानबीन शुरु कर दी है। सहायक पुलिस आयुक्त संदेश नाइक ने पत्रकारों को बताया कि इस मामले मृतक आरोपित की मौत अचानक दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुई होगी। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल जेजे अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। पुलिस हिरासत में मौत होने के कारण मामले में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है।
दरअसल इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) परिसर से बिजली के तार चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार 38 वर्षीय संजय कांतू यादव को चार अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। आरोपित की गुरुवार को एनआरआई कोस्टल पुलिस स्टेशन के लॉक-अप में तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आरोपित उत्तर प्रदेश के वाराणसी का मूल निवासी था और उल्वे स्थित अनंत टॉवर में रहता था। गिरफ्तारी से पहले आरोपित की पनवेल ग्रामीण अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराई गई थी। पुलिस के अनुसार, उसने उस समय या अदालत में पेशी के दौरान स्वास्थ्य संबंधी कोई शिकायत नहीं की थी। आरोपित के रिश्तेदारों ने पुलिस कस्टडी में आरोपित की मौत पर सवाल खड़ा किया है। इसी वजह से आज इस मामले की छानबीन सीआईडी को सौंप दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

