home page

मध्य रेल के टिकट जांच कर्मचारी के साथ मारपीट, दो यात्री गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 27 अक्टूबर (हि.स.)। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी)स्टेशन पर टिकट जांच कर्मचारी के साथ मारपीट करने के आरोप के तहत गर्वमेंट रिजर्व पुलिस (जीआरपी) ने दो यात्रियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की छानबीन जारी है।

मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि सीएसएमटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 के निकट कॉनकोर्स क्षेत्र में तैनात टिकट जांच कर्मचारी जिग्नेश वसंतलाल भावसार यात्रियों के टिकटों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक पुरुष और एक महिला यात्री से यात्रा टिकटों की जांच के लिए संपर्क किया। जांच के दौरान पुरुष यात्री ने स्वयं को रेलवे कर्मचारी बताया। जब भावसार ने उससे रेलवे पहचान पत्र या रोजगार से संबंधित वैध प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा, तो उसने कथित तौर पर प्रमाण देने से इनकार कर दिया और वहां से भागने का प्रयास किया। उसे पकडऩे के प्रयास के दौरान पुरुष यात्री ने ड्यूटी पर तैनात टिकट जांच कर्मचारी के साथ कथित तौर पर मारपीट की। महिला यात्री ने भी उनके साथ गाली-गलौज और हाथापाई की।

इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल के जवानों और अन्य रेल कर्मचारियों की सहायता से दोनों यात्रियों को सीएसएमटी स्थित रेलवे पुलिस स्टेशन ले जाया गया। उनकी पहचान ऋषिकेश संजय पवार (24) और निकिता ऋषिकेश पवार (23) के रूप में हुई। दोनों में से कोई भी रेलवे कर्मचारी होने का प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही वैध यात्रा प्राधिकार दिखा सका। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले की छानबीन जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव