नांदेड़ में दो लोग गिरफ्तार, पिस्तौल बरामद
मुंबई, 27 मई (हि.स.)। नांदेड़ जिले में बांधाघाट रोड पर एनबीएस कॉलेज के पास पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ा। पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किया है। पूछताछ के बाद एक अन्य युवक को भी गिरफ्तार किया है।
नांदेड़ जिले के सहायक पुलिस निरीक्षक विठ्ठल घोगारे ने बुधवार को बताया कि उनकी टीम को एनबीएस कॉलेज के पास हथियारों की खरीदी और बिक्री की सूचना मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने एनबीएस कॉलेज के पास जाल बिछाया था। मौके पर एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ा और उसके पास से एक पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। उसकी पहचान हरप्रीतसिंह उर्फ हैप्पी महेंद्रसिंह सुनकेवार (41) के रुप में हुई है। हरप्रीत से पूछताछ के बाद पिस्तौल बेचने वाले तेजिंदरपाल सिंह उर्फ सोनू भागसिंह लाड्ड (28 ) को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अन्य आरोपितों की भी तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

