home page

मुंबई एयरपोर्ट पर 1.21 किलोग्राम सोना बरामद, फूड स्टोर कर्मचारी गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 27 मई (हि.स.)। मुंबई एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग (कस्टम्स) की टीम ने एक फूड स्टोर में काम करने वाले 24 साल के कर्मचारी को पकड़ा है। उसके पास से 1.21 किलोग्राम तस्करी का सोना मिला है। बरामद सोने की कीमत लगभग 1.77 करोड़ रुपये आंकी गई है।

इस घटना की छानबीन कर रहे कस्टम्स अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मुंबई एयरपोर्ट परिसर में स्थित एक फूड स्टोर में काम करने वाले कर्मचारी पर उनकी टीम को सोने की तस्करी में शामिल होने का शक था। इसी वजह से मंगलवार को उस कर्मचारी को एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 के डिपार्चर एरिया के पास पी-10 लोकेशन पर रोका। इसके बाद कर्मचारी की तलाशी लेने पर उसके पास से 1,210 ग्राम सोना बरामद किया गया। कर्मचारी की पहचान वी.पी. येडेकर के रूप में हुई है, जो सांगली का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान येडेकर ने कबूल किया कि यह सोना उसका नहीं था और वह इसे दूसरे व्यक्ति तक ले जा रहा था। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपित ने कथित तौर पर एक ट्रांजिट यात्री से 8,000 रुपये के भुगतान के बदले यह सोना प्राप्त किया था। अधिकारियों को संदेह है कि यह मामला एयरपोर्ट के माध्यम से संचालित होने वाले सोने की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।

सीमा शुल्क अधिकारियों ने बताया कि जांच अभी शुरुआती चरण में है। आगे की जांच-पड़ताल जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव