जाति प्रमाणपत्र के लिए 2.5 लाख रुपये लेते महिला अधिकारी गिरफ्तार
मुंबई, 15 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एंटी-करप्शन ब्यूरो(एसीबी) की टीम ने महिला डिप्टी डायरेक्टर को 2.5 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
कोंकण डिवीजन की शेड्यूल्ड ट्राइब सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन कमेटी की डिप्टी डायरेक्टर मीनाक्षी उन्हाले को जाति प्रमाणपत्र सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन फाइल को मंजूरी देने के लिए 2.5 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
एसीबी की पुलिस उपायुक्त सरिता भोसले ने रविवार को बताया कि रायगढ़ जिले के महाड तहसील के एक शिकायतकर्ता ने अपनी बेटी के डी.एड. कोर्स में एडमिशन और अपनी पत्नी की नौकरी के लिए जाति प्रमाणपत्र बनाने के लिए आवेदन किया था।
यह आवेदन शिकायतकर्ता ने ठाणे शहर के चराई इलाके में स्थित कोंकण डिवीजन की शेड्यूल्ड ट्राइब सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन कमेटी के ऑफिस में ऑनलाइन और खुद जाकर जमा किया था। डिप्टी डायरेक्टर मीनाक्षी उन्हाले ने आवेदन को मंजूरी देने के लिए 2.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने 12 फरवरी को एसीबी के रायगढ़ डिवीजऩ कार्यालय में इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद एसीबी की टीम ने इस मामले की छानबीन कर और ठाणे स्थित जाति प्रमाणपत्र कार्यालय में जाल बिछाकर डिप्टी डायरेक्टर मीनाक्षी उन्हाले को गिरफ्तार कर लिया है। एसीबी ने मीनाक्षी के पास से 2.5 लाख रुपये की रकम भी बरामद की है। इस मामले की आगे की छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

