महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों पर मुकाबले की तस्वीर साफ, कई सीटों पर बगावत
मुंबई, 09 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में विधान परिषद की पांच सीटों के चुनाव की तस्वीर नामांकन वापस लेने की समयसीमा समाप्त होने के बाद साफ हो गई है। पुणे शिक्षक, पुणे स्नातक, नागपुर स्नातक, अमरावती शिक्षक और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कई उम्मीदवार मैदान में हैं। कुछ बागियों ने नामांकन वापस ले लिया है, जबकि कुछ उम्मीदवारों के चुनाव मैदान में डटे रहने से महायुति और महाविकास अघाड़ी के आधिकारिक उम्मीदवारों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
राज्य चुनाव अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र मेंं भाजपा के कौस्तुभ गावड़े और कांग्रेस के जयंत असगांवकर के बीच मुख्य मुकाबला होगा। हालांकि, सचिन सनप ने भी अपनी उम्मीदवारी बरकरार रखी है, जिससे महायुति की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा की स्मिता जाधव और राकांपा (शरद पवार गुट) की हर्षदा देशमुख के बीच मुकाबला होगा। पूर्व विधायक दत्ता सावंत निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में डटे हैं। नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के सुधाकर कोहली और कांग्रेस के अभिजीत वंजारी के बीच मुकाबला होगा। भाजपा के पूर्व विधायक अनिल सोले ने बगावत करते हुए अपनी उम्मीदवारी बरकरार रखी है। वहीं, राकांपा (शरद पवार गुट) के नितेश कराले भी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में यहां कांग्रेस की अदिति पोहरे और शिवसेना (शिंदे गुट) की किरण सरनाईक के बीच मुख्य मुकाबला है। शिवसेना (ठाकरे गुट) के दत्तात्रेय लहाने भी मैदान में हैं। इसके अलावा, शिंदे गुट के पूर्व विधायक श्रीकांत शिंदे और भाजपा विधायक राजेश वानखड़े के साले शेखर भोयर ने भी अपनी उम्मीदवारी बरकरार रखी है। ऐसे में इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है। छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में यहां शिवसेना (ठाकरे गुट) के दिलीप घुगे और राकांपा (अजित पवार गुट) के सतीश चव्हाण के बीच मुख्य मुकाबला होगा। राकांपा (शरद पवार गुट) के प्रतापसिंह पाटिल भी मैदान में हैं, जिससे इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना है।
नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी पांच सीटों पर चुनावी मुकाबले और बागियों की भूमिका पर राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

