home page

मुंबई निगम में बनेगा भाजपा गठबंधन का महापौर : एकनाथ शिंदे

 | 

मुंबई, 19 जनवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को मुंबई में कहा कि बृहन्मुंबई नगर निगम में भाजपा गठबंधन का ही महापौर बनेगा। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि भाजपा गठबंधन में महापौर पद को लेकर कोई विवाद नहीं है।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि जिन नगर निगमों में हम भाजपा गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़े हैं, वहां संख्या के आधार पर भाजपा गठबंधन का ही महापौर बनेगा। लेकिन जिन नगर निगमों में हम साथ नहीं लड़े हैं , वहां जिसकी संख्या अधिक है , वह महापौर का निर्णय लेगा। इसके लिए स्थानीय स्तर पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने मुंबई के नवनिर्वाचित पार्षदों को एक दूसरे के साथ जान पहचान और प्रशिक्षण के लिए एक होटल में रखा है। इसका कोई गलत अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि आज सुबह शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत ने कहा था कि शिंदे समूह के कई पार्षद पार्टी छोडऩे वाले हैं, इसीलिए एकनाथ शिंदे ने अपने मुंबई के पार्षदों को होटल में रखा है। शिंदे ने कहा कि उनकी पार्टी के पार्षद जहां पहले से तय गठबंधन में चुनाव जीते हैं, उस गठबंधन को नहीं छोड़ेंगे। इससे मतदाताओं की ओर से दिए मतदान का अपमान होगा, इसे हम किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव