नालासोपारा के स्कूल में कुकर फटने से दो छात्रों सहित तीन घायल
मुंबई, 08 सितंबर (हि.स.)। नालासोपारा इलाके के सोपारा जिला परिषद स्कूल में मंगलवार दोपहर खाना बनाते समय कुकर फटने से दो स्कूली छात्र सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही नालासोपारा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया है। इस मामले की गहन छानबीन नालासोपारा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज दोपहर करीब 2 बजे स्कूल परिसर में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक कुकर फट गया। इससे पास में मौजूद दो छात्र इसकी चपेट में आ गए और खाना बना रही महिला भी जख्मी हो गई। घायल छात्रों की पहचान आयुष चौधरी और प्रसाद गौतम के रूप में हुई है। आयुष कक्षा 3, जबकि प्रसाद कक्षा 5 में पढ़ता है। इस घटना में तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल कुकर फटने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

