home page

आदिवासी छात्रों को तत्काल छोड़ा नहीं गया तो वर्षा बंगला का घेराव किया जाएगा: हर्षवर्धन सपकाल

 | 

मुंबई, 05 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सोमवार को कहा कि आदिवासी छात्रों और एनएसयूआई के नेताओं को जल्द नहीं छोड़ा गया तो कांग्रेस पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री आवास वर्षा बंगले का घेराव किया जाएगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सपकाल ने पत्रकारों को बताया कि नासिक से मुंबई तक मार्च करने के बाद छात्र कांग्रेस कार्यालय में आराम कर रहे थे। लेकिन रात में ही पुलिस ने इन छात्रों को कांग्रेस कार्यालय से उठा लिया था। उन्होंने कहा कि आधी रात को पुलिस द्वारा कांग्रेस कार्यालय में प्रवेश कर छात्रों को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। उन्होंने सवाल किया कि अपने अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन करने वाले छात्र क्या अपराधी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आदिवासी छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं करेगी और उनके जायज अधिकारों के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय में घुसकर कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के आवास तक मार्च करने से पीछे नहीं हटेंगे।

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने तिलक भवन में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के चारों ओर बैरिकेडिंग कर उसे घेर दिया। उन्होंने सवाल किया कि क्या राज्य में जंगलराज चल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव