home page

पूर्णेकर हत्याकांड की जाँच हाईकोर्ट की निगरानी में हो : हर्षवर्धन सपकाल

 | 

मुंबई, 24 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने शनिवार को कहा कि ठाणे में शिवसेना यूबीटी के पदाधिकारी प्रदीप पुर्णेकर हत्याकांड की उच्च न्यायालय की निगरानी में हो।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सपकाल ने कहा कि जाँच ठाणे के बाहर के किसी आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष जाँच दल (एसआईटी) से कराई जाए। उन्होंने पूर्णेकर की हत्या के मामले में दोषियों को बचाने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया है।

सपकाल ने आज ठाणे में पूर्णेकर परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड की जाँच में अब तक कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। परिवार ने जाँच एजेंसियों को सबूत सौंपे हैं और हत्या में शामिल होने के संदेह वाले लोगों के नाम भी बताए हैं। इसके बावजूद संबंधित लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से जाँच की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि एफआईआर दर्ज किए जाने के समय से ही जाँच गलत दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि गठित एसआईटी स्थानीय पुलिस की है, जिस पर पूर्णेकर परिवार और ठाणे के नागरिकों को भरोसा नहीं है। ऐसे गंभीर मामले में निष्पक्ष जाँच सुनिश्चित करने के लिए ठाणे के बाहर के आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में स्वतंत्र एसआईटी गठित करना आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव