आईआईटी बॉम्बे के मृत छात्र साहिल वाकोडे के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा: हर्षवर्धन सपकाल
मुंबई, 03 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने शनिवार को मुंबई में कहा कि भारतीय प्रोद्यौगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के मृत छात्र साहिल वाकोडे के परिजनों न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
सपकाल ने पत्रकारों को बताया कि जातिगत उत्पीडऩ से परेशान होकर आत्महत्या करने वाले आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे के परिजनों ने महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद और प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से शांता आश्रम में मुलाकात की। इस मुलाकात में साहिल वाकोड़े के परिजनों ने कांग्रेस नेताओं को मामले से संबंधित सारी हकीकत बताई है। इस मामले में कांग्रेस पार्टी ने साहिल के परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा कि सीजेपी के आंदोलन में आम जनता की भावना लोगों के सामने आई है। इससे घबराकर आंदोलन को दबाने के लिए सरकार के इशारे पर पुलिस सीजेपी कार्यकर्ताओं पर झूठे मामले दर्ज कर रही है। लेकिन इससे युवाओं में पहले से ही व्याप्त सरकार के प्रति आक्रोश और बढऩे वाला है। उन्होंने सवाल किया कि चुनाव आयोग के दो आयुक्तों और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भेजे गए पत्रों पर वह चुप क्यों हैं?
सपकाल ने भाजपा से इसका जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा को हिंदू-मुस्लिम और भारत-पाकिस्तान के मुद्दे उठाना बंद करना चाहिए। सरकार ने दमनकारी नीतियों से जनता की आवाज दबाने की कोशिश की तो उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

