home page

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को मुंबई लाकर छानबीन करे सरकार : कांग्रेस

 | 

मुंबई, 19 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सोमवार को मुंबई में कहा कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को मुंबई लाकर राज्य सरकार को पूछताछ करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को अनायास घोषणाबाजी की बजाय लॉरेंस बिश्नोई को मुंबई लाने के लिए केंद्र सरकार से मांग करनी चाहिए।

सपकाल ने पत्रकारों को बताया कि मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। इस संबंध में लॉरेंस बिश्नोई के समर्थक अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर वीडियो भी जारी किया है। इससे पहले फिल्म अभिनेता सलमान खान के आवास पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी और इसी तरह सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया था। इसी तरह बांद्रा में पूर्व मंत्री और राकांपा एपी के नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की भी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। इन घटनाओं को देखते हुए मुंबई पुलिस को लॉरेंस बिश्नोई से पूछताछ करना जरुरी है।

उन्होंने कहा कि अगर यह गैंगस्टर गुजरात की जेल में है, जहां से वह काम कर रहा है, तो यह सरकार की मेहरबानी के बिना मुमकिन नहीं है। मुख्यमंत्री फडणवीस खोखले नारे लगाने के बजाय बिश्नोई को मुंबई लाने, उसकी जांच करने और केस दर्ज करने की हिम्मत दिखाएं।

उन्होंने कहा कि अगस्त 2023 में जारी एक ऑर्डर के मुताबिक, केंद्रीय गृह विभाग ने क्रिमिनल प्रोसीजर कोड के सेक्शन 268 का इस्तेमाल करके लॉरेंस बिश्नोई को सुरक्षा दी है। इस सेक्शन के मुताबिक, किसी भी राज्य की पुलिस लॉरेंस बिश्नोई को पूछताछ के लिए गुजरात से बाहर नहीं ले जा सकती। यह ऑर्डर हर साल एक साल के लिए रिन्यू किया जाता है। इसी वजह से बिश्नोई को सुरक्षा मिली हुई है। वह जेल में बैठकर लोगों की हत्या कर रहा है। महाराष्ट्र सरकार को मांग करनी चाहिए कि केंद्र सरकार उसे दी गई यह कानूनी सुरक्षा वापस ले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव