home page

महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था पर कांग्रेस का फडणवीस सरकार पर हमला, सपकाल बोले- गृह मंत्री पांडु कांस्टेबल बनकर रह गए

 | 

मुंबई, 01 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था और कथित अराजकता को लेकर कांग्रेस ने रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तीखा हमला बोला।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि राज्य में अराजकता चरम पर है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस घासीराम कोतवाल बन गए हैं और गृह मंत्री होते हुए भी पांडु कांस्टेबल की भूमिका निभा रहे हैं।

दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली पर मुख्यमंत्री फडणवीस द्वारा कांग्रेस पर चीन से फंडिंग लेने का आरोप लगाया था। इस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने पलटवार करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय भाजपा के नियंत्रण में है। ऐसे में यदि चीन से फंडिंग के आरोप लगाए जा रहे हैं, तो सरकार को इसकी जांच कर सबूत सामने रखने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि फडणवीस संविधान का उल्लंघन कर रहे हैं और बेबुनियाद बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वोटों की चोरी और राजनीतिक दलों को तोडक़र सत्ता हासिल की है। उनके मुताबिक, इस तरह के आरोप लगाकर सरकार वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि उन्हें रैली में अराजकता कहां दिखाई दी? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनता के भरोसे के बजाय राजनीतिक दलों से आए नेताओं के समर्थन के आधार पर सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नाम का डर भाजपा नेताओं के मन में बैठ गया है। उन्होंने चीन से फंडिंग के आरोपों पर कहा कि केवल आरोप लगाने के बजाय सरकार को ठोस सबूत पेश करने चाहिए।

कांग्रेस नेता सतेज पाटिल ने भी मुख्यमंत्री के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनावों में कथित अनियमितताओं और वोटों की चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगाए गए आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया में कुछ गलत हो रहा है और उसे नहीं रोका गया, तो इससे लोकतंत्र के प्रति जनता का भरोसा कमजोर होगा।

उन्होंने सवाल किया, अगर विपक्ष गलत चीजों के खिलाफ विरोध कर रहा है, तो क्या यह गलत है? उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर अलग-अलग बयान देते हैं, लेकिन मुख्य मुद्दों पर जवाब देने से बचते हैं। उन्होंने कहा कि सबूतों के साथ आरोप लगाए जाने के बाद भी इस मामले में आगे क्या कार्रवाई हुई, यह सभी ने देखा है। कांग्रेस नेताओं ने एक सुर में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाकर विपक्ष पर राजनीतिक हमले कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव