संविधान दिवस पर 26 नवंबर को ठाणे में कांग्रेस निकालेगी राज्य स्तरीय संविधान रक्षा रैली
- महाराष्ट्र प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल होंगे शामिल- कांग्रेस ने सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से रैली में शामिल होने की अपील
मुंबई, 22 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर को ठाणे में राज्य स्तरीय ‘संविधान रक्षा रैली’ निकालेगी। इस रैली में महाराष्ट्र प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
कांग्रेस ने पार्टी के सभी सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से रैली में शामिल होने की अपील की है। प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने लोकतंत्र और संविधान को कमजोर किया है तथा चुनाव आयोग को कठपुतली बना दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर संविधान प्रदत्त मताधिकार छीनने का प्रयास कर रही है। सपकाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोटों में धांधली और भ्रष्ट आचरण के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। उनके अनुसार, चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से नहीं हो रहे हैं।
सपकाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में ‘अबकी बार, 400 पार’ के नारे के जरिए भाजपा की ओर से संविधान बदलने की योजना को जनता ने नाकाम कर दिया था। अब परिसीमन और ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के माध्यम से संविधान, लोकतंत्र और संघीय व्यवस्था की नींव को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि देश के संविधान की रक्षा आज की जरूरत है। कांग्रेस ने संविधान की रक्षा के लिए देशभर में आंदोलन किए हैं। महाराष्ट्र में भी पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कई बार आंदोलन कर चुकी है। उन्होंने बताया कि यह रैली संविधान प्रदत्त लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों की रक्षा तथा आम लोगों तक संविधान बचाने का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

