home page

मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के शहीदों को हुतात्मा चौक पर दी श्रद्धांजलि

 | 

-शहीदों का त्याग और संघर्ष सदैव प्रेरणा देता रहेगा :देवेन्द्र फडणवीस

मुंबई, 21 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शनिवार को मुंबई के हुतात्मा चौक स्थित शहीद स्मारक पर संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर फडणवीस ने कहा कि वीर शहीदों के त्याग और संघर्ष के कारण महाराष्ट्र को एक सशक्त पहचान मिली है। उनका बलिदान सदैव लोगों को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने मातृभूमि और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले सभी शहीदों को नमन किया।

उल्लेखनीय है कि संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन एक ऐतिहासिक जनसंघर्ष था। इसके परिणामस्वरूप एक मई 1960 को मुंबई को राजधानी बनाकर महाराष्ट्र राज्य का गठन हुआ था। आजादी के बाद तत्कालीन मुंबई राज्य के मराठी भाषी क्षेत्रों को मिलाकर अलग महाराष्ट्र राज्य बनाने और मुंबई को उसमें शामिल करने की मांग को लेकर यह आंदोलन चलाया गया था।

आंदोलन के दौरान पुलिस की गोलीबारी में 106 प्रदर्शनकारियों की मौत हुई थी। इन शहीदों की स्मृति में मुंबई के फ्लोरा फाउंटेन का नाम बदलकर हुतात्मा चौक रखा गया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी