home page

मुख्यमंत्री फडणवीस ने की महाराष्ट्र में आगा खान नेटवर्क के विकास कार्यों की सराहना

 | 

- स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल और जलवायु क्षेत्र की परियोजनाओं में राज्य सरकार देगी सहयोग : फडणवीस

मुंबई, 13 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को राज्य में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (एकेडीएन) की ओर से स्वास्थ्य, शिक्षा, आदिवासी विकास, कौशल विकास, जल प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इन विकास परियोजनाओं के लिए आवश्यक सहयोग और समर्थन उपलब्ध कराएगी।

पांचवें आगा खान के रूप में पदभार संभालने के बाद महाराष्ट्र की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर आए प्रिंस रहीम आगा खान ने रविवार को मुंबई के फेयरमोंट होटल में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। उनके साथ एक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था। मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र की ओर से प्रिंस रहीम आगा खान का स्वागत किया।

बैठक के दौरान सामाजिक विकास परियोजनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, जलवायु कार्रवाई, जल प्रबंधन, विरासत संरक्षण और सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के माध्यम से संचालित विभिन्न पहलों पर विस्तार से चर्चा हुई। बच्चों के लिए प्रस्तावित अस्पताल, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष जेरियाट्रिक अस्पताल, पुनर्वास केंद्र, कौशल आधारित स्वास्थ्य सेवा प्रशिक्षण और शोध सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

प्रिंस रहीम आगा खान ने महाराष्ट्र में विभिन्न विकास पहलों में सहयोग का अवसर देने के लिए मुख्यमंत्री फडणवीस का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क राज्य सरकार के साथ साझेदारी में स्वास्थ्य, पर्यावरण, कौशल विकास और सामाजिक विकास के क्षेत्रों में परियोजनाओं को बड़े स्तर पर लागू करने के लिए तैयार है। उन्होंने महाराष्ट्र के लोगों के हित में नए क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई।

बैठक में मंत्री आशीष शेलार, विधायक अमीन पटेल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव लोकेश चंद्र, चीफ प्रोटोकॉल ऑफिसर एवं सचिव डॉ. राजेश गावंडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव