home page

पेपर लीक पर कार्रवाई का आश्वासन, सीएम फडणवीस बोले - एमपीएससी अध्यक्ष का इस्तीफा मांगना उचित नहीं

 | 

मुंबई, 09 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को पालघर में कहा कि पेपर लीक मामले में जो दोषी पाया जाएगा, उसपर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) के अध्यक्ष विवेक भीमनवार का इस्तीफा मांगना उचित नहीं है, इसका कारण जब पेपर लीक हुआ, उस समय भीमनवार पद पर नहीं थे।

देवेंद्र फडणवीस आज पालघर में ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ वितरित करने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक की घटना के समय विवेक भीमनवार पद पर नहीं थे। ऐसे में उनसे उस अवधि की घटना के लिए सीधे इस्तीफा कैसे मांगा जा सकता है? उन्होंने कहा कि सरकार न्यायिक जांच के लिए तैयार है। जांच में अध्यक्ष, पूर्व अधिकारियों या किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फडणवीस ने स्पष्ट किया कि आयोग के अध्यक्ष को हटाने का अधिकार राज्य सरकार के पास नहीं, बल्कि राष्ट्रपति के पास है। यदि जांच समिति की रिपोर्ट में उनके खिलाफ दोष साबित होते हैं, तो सरकार संविधान के अनुच्छेद 317 के तहत उन्हें हटाने की सिफारिश करेगी।

मुख्यमंत्री ने आंदोलन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि शुरुआत में यह एमपीएससी अभ्यर्थियों का आंदोलन था, लेकिन अब इसका राजनीतिकरण हो गया है। उन्होंने दावा किया कि उच्च न्यायालय ने प्रदर्शन को गैरकानूनी घोषित किया है, इसके बावजूद प्रदर्शनकारी वहां बैठे हैं। फडणवीस ने कहा कि सरकार बातचीत के जरिए समाधान निकालने और छात्रों को न्याय दिलाने का प्रयास कर रही है।

दरअसल पुणे में एमपीएससी छात्रों का आंदोलन चल रहा है। छात्रों की मांग एमपीएससी आयोग के अध्यक्ष भीमनवार को पद से हटाने की मांग पर अड़े हैं। मुख्यमंत्री ने छात्रों से आंदोलन वापस लेने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव