मुंबई की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए मेट्रो और एलिवेटेड रूट का काम तेज करें : मुख्यमंत्री फडणवीस
मुंबई, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को मुंबई की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए मेट्रो और एलिवेटेड रोड परियोजनाओं के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 2027 को ‘मेट्रो ईयर’ घोषित करते हुए कहा कि इस वर्ष के लंबित कार्यों को मिलाकर अगले साल कम से कम 70 किलोमीटर मेट्रो लाइन का काम पूरा किया जाए। दिसंबर 2026 तक पूरी होने वाली 36 किलोमीटर मेट्रो लाइन को बढ़ाकर 50 किलोमीटर करने के लिए भी काम तेज करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सह्याद्री गेस्ट हाउस में आयोजित मुख्यमंत्री वॉर रूम की बैठक में विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए कम से कम 50 प्रतिशत काम मशीनों के माध्यम से कराया जाए। कुशल श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर श्रम की कमी को मशीनरी के इस्तेमाल से दूर करने पर जोर दिया। डी.एन. नगर-चेंबूर मेट्रो मार्ग पर जुहू सर्कल के पास गर्डर का काम पूरा करने के लिए जरूरत के अनुसार रविवार को 12 घंटे का विशेष रोड ब्लॉक लेने के निर्देश दिए गए। वहीं, सिवरी-वर्ली एलिवेटेड रोड का कनेक्शन 31 मई 2027 से पहले पूरा कर इसे यातायात के लिए खोलने को कहा गया। फडणवीस ने वकोला जंक्शन पर यातायात जाम का तकनीक के जरिए तत्काल समाधान निकालने और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर जाम वाले स्थानों की पहचान कर आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई सडक़ों को जोड़ते समय यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से समुचित योजना बनाई जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्माण स्थलों पर नागरिकों और श्रमिकों की सुरक्षा के लिए बैरिकेड, सूचना बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय अनिवार्य करने तथा इसके लिए कम लागत वाला नया बिजनेस मॉडल तैयार करने के निर्देश दिए। छत्रपति संभाजीनगर जलापूर्ति योजना में हर घर तक नल कनेक्शन सुनिश्चित करने और दोबारा खुदाई की जरूरत न पड़े, इसकी योजना बनाने को कहा। निर्धारित समय के बाद भी परियोजनाएं पूरी नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी उन्होंने दी। साथ ही स्वामी समर्थ नगर-विक्रोली मेट्रो लाइन-6 से संबंधित भूमि अधिग्रहण और कानूनी प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

