home page

महात्मा ज्योतिराव फुले की द्विशताब्दी जयंती वर्ष के अवसर पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम

 | 

मुंबई, 01 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को बताया कि महात्मा ज्योतिराव फुले की द्विशताब्दी जयंती वर्ष के अवसर पर वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल से अगले साल 10 अप्रैल तक का कालखंड महात्मा ज्योतिराव फुले की द्विशताब्दी जयंती वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने बुधवार को द्विशताब्दी जयंती वर्ष समारोह के लिए गठित समिति की बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समिति से जुड़े प्रत्येक विभाग को कम से कम दो से तीन कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए और ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रमों की योजना 15 अप्रैल तक प्रस्तुत की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि महात्मा ज्योतिराव फुले के मूल गांव खानवडी (तहसील पुरंदर, जिला पुणे) स्थित जिला परिषद स्कूल का कायापालट किया गया है। इस द्विशताब्दी वर्ष की शुरुआत 11 अप्रैल को सीबीएसई शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस स्कूल के लोकार्पण से की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि वर्षभर कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के लिए एक उपसमिति का गठन किया जाए। महात्मा ज्योतिराव फुले के जीवन और कार्यों पर आधारित साहित्य का बहुभाषीय अनुवाद किया जाए, ताकि विभिन्न भाषाओं के नागरिकों को उनकी भाषा में यह साहित्य उपलब्ध हो सके।

इस बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल, सांस्कृतिक कार्य मंत्री एड. आशीष शेलार, सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट, ओबीसी कल्याण मंत्री अतुल सावे, स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे, ग्राम विकास मंत्री जयकुमार गोरे तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे उपस्थित थे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव