कोल्हापुर के सीपीआर अस्पताल के नवनिर्मित कार्यों का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन
मुंबई, 09 अगस्त(हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कोल्हापुर के प्रमुख सरकारी अस्पताल छत्रपति प्रमिलाराजे सर्वोपचार अस्पताल (सीपीआर) में विभिन्न रेनोवेशन और मॉडर्नाइजेशन कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान कई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि सीपीआर अस्पताल की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखते हुए मरीजों को आधुनिक और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ये काम किए गए हैं। मेडिकल शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ की पहल पर अस्पताल के विभिन्न विकास कार्यों के लिए अब तक 600 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। कार्यक्रम की शुरुआत में हसन मुश्रीफ ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
इस दौरान सीपीआर अस्पताल के ऐतिहासिक सफर तथा रेनोवेशन और मॉडर्नाइजेशन कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। राजर्षि शाहू महाराज और तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री स्वर्गीय दिग्विजय खानविलकर की प्रतिमाओं का पूजन भी किया गया। रेनोवेशन के तहत अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के आर्च, मॉड्यूलर बर्न विभाग, अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक डायग्नोस्टिक और ट्रीटमेंट सुविधाओं का विकास किया गया है। मरीजों के परिजनों के लिए शेल्टर शेड सहित विभिन्न चिकित्सा विभागों को भी आधुनिक बनाया गया है।
इसके अलावा अस्पताल की विभिन्न इमारतों की मरम्मत, सडक़ और परिसर का विकास, इलेक्ट्रिकल सिस्टम, फर्नीचर, विभिन्न विभागों का निर्माण और आधुनिकीकरण, ट्रॉमा केयर सेंटर तथा अत्याधुनिक ऑपरेशन सुविधाओं से जुड़े काम किए गए हैं। इन सुविधाओं के शुरू होने से कोल्हापुर और पश्चिमी महाराष्ट्र के लोगों को अधिक बेहतर, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, स्वास्थ्य मंत्री एवं कोल्हापुर के पालकमंत्री प्रकाश आबितकर, मेडिकल शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांतदादा पाटिल, सह-पालकमंत्री माधुरी मिसाल, राज्य योजना बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष विधायक राजेश क्षीरसागर, सांसद धनंजय महाडिक, सांसद शाहू महाराज छत्रपति, विधायक अमल महाडिक, चंद्रदीप नारके, राहुल आवाडे, अशोकराव माने सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

