home page

नासिक दुष्कर्म मामला: किसी भी आरोपित को बक्शा नहीं जाएगा: देवेंद्र फडणवीस

 | 
नासिक दुष्कर्म मामला: किसी भी आरोपित को बक्शा नहीं जाएगा: देवेंद्र फडणवीस


मुंबई, 24 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को विधान सभा में कहा कि नासिक दुष्कर्म मामले में जिन-जिनका सहभाग होगा, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपित को बक्शा नहीं जाएगा। साथ ही इस मामले के आरोपित अशोक खरात की संपत्ति पर भी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री फडणवीस मंगलवार को विधान सभा में नासिक दुष्कर्म मामले में अब तक की गई जांच की जानकारी दे रहे थे। उन्हाेंने कहा कि इस मामले की गहन छानबीन महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी द्वारा और नासिक पुलिस द्वारा जारी है। इस मामले में पीडि़त महिलाओं को पुलिस सुरक्षा दी गई है, जिससे पीडि़त महिलाएं शिकायत दर्ज करवाने के लिए आगे आ रही हैं। अशोक खरात ने अपने मोबाइल का डाटा डिलीट कर दिया है, लेकिन उसे वापस पाने का प्रयास जारी है। यह मामला इतना गंभीर है कि मामले में कोई भी सहभागी पाया गया, उस पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इस मामले में अशोक खरात की संपत्ति के बारे में जानकारी एकत्र की गई है। अब तक जानकारी के अनुसार अशोक खरात के पास 12 तोला सोना है, जबकि उनकी पत्नी के पास 20 तोला सोना है। अशोक खरात के नाम पर मिरगांव (तहसील सिन्नर, जिला नासिक) में 33 एकड़ ज़मीन, मिरगांव में एक फार्महाउस, पाथर्डी गांव-गव्हाने गांव में 10 एकड़ ज़मीन, सिन्नर में 6 एकड़ ज़मीन और शिरडी (तहसील रहाता, जिला अहिल्यानगर) में 4.5 एकड़ ज़मीन है।

इसके साथ ही आरोपित अशोक खरात के नाम पर अहिल्यानगर जिले के काकड़ी में शिरडी एयरपोर्ट पर 5.5 एकड़ ज़मीन, पाथर्डी फाटा नासिक में 800 स्क्वायर फीट का एक फ्लैट, मोसर में चार गुंठा के चार प्लॉट, अडगांव नासिक में पांच गुंठा का एक प्लॉट, पनवेल में चालीस गुंठा का एक प्लॉट और कनाडा कॉर्नर नासिक में 189 स्क्वायर फीट का एक ऑफिस है।

अशोक खरात की बेटी सृष्टि के नाम संगमनेर में 11 गुंठा का प्लॉट, पुणे में एक प्लॉट, नासिक के कर्मयोगी नगर में एक बंगला, शिरडी में पार्टनरशिप में एक साईं सिल्वर मंगल खराव, सिन्नर में पांच लोगों के बीच शेयर की गई छह एकड़ ज़मीन का पता चला है । अशोक खरात की मार्केट वैल्यू 40 करोड़ 87 लाख रुपये है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस और एसआईटी के साथ आयकर विभाग भी अशोक खरात की संपत्ति की जांच करने वाला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव