सोलापुर हादसे में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता
मुंबई, 24 जून (हि.स.)। सोलापुर जिले के मालशिरस तहसील स्थित तंदुलवाड़ी गांव में पिकअप वाहन के कुएं में गिरने से हुए हादसे में जान गंवाने वाले आठ लोगों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बुधवार को बताया कि मृतकों के प्रत्येक वारिस को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की गई है। इस प्रकार कुल 40 लाख रुपये की मदद प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई गई।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह सहायता मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा हादसे के बाद घोषित राहत पैकेज के तहत प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री राहत कोष प्रकोष्ठ के माध्यम से सोलापुर जिला प्रशासन ने सभी पात्र वारिसों को सहायता राशि उपलब्ध कराई है।
उल्लेखनीय है कि 14 जून 2026 को मालशिरस तहसील के तंदुलवाड़ी गांव के निकट पंढरपुर-सतारा मार्ग पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित कुएं में गिर गया था। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था और राज्यभर में शोक की लहर फैल गई थी।
हादसे में इंदुबाई दशरथ बावचे (65), पूजा अमोल सतुरे (23), पूजा बालाजी बावचे (27), अश्विनी संदीप बावचे (27), संस्कार संदीप बावचे (14), संस्कृति संदीप बावचे (14), भारव अमोल सतुरे (8) और छह माह के समर्थ बालाजी बावचे की मृत्यु हो गई थी। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, जिससे घटना और अधिक हृदयविदारक बन गई थी।
दुर्घटना के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। इसके बाद सोलापुर जिला कलेक्टर कार्यालय ने राज्य सरकार को आवश्यक प्रस्ताव भेजा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता राशि जारी कर दी गई।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

