एमपीएससी पेपर लीक मामले की होगी एसआईटी जांच : देवेंद्र फडणवीस
मुंबई, 10 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को कहा कि महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएसी) की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 से जुड़े मामले की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) से जांच कराई जाएगी। साथ ही परीक्षा के पेपर की दोबारा जांच और आवश्यक होने पर पुनर्परीक्षा भी करवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार शाम मंत्रालय में एमपीएसी छात्रों प्रतिनिधिमंडल के साथ करीब ढाई घंटे बैठक की। इस दौरान छात्रों ने एमपीएससी के कामकाज और परीक्षा के आयोजन में कथित अनियमितताओं से जुड़ी अपनी आपत्तियां और सबूत मुख्यमंत्री के सामने रखे। बैठक के बाद छात्र प्रतिनिधियों ने मीडिया को बताया कि मुख्यमंत्री के साथ बातचीत सकारात्मक रही और उनकी लगभग सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बनी है। छात्रों के मुताबिक, फडणवीस ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा के पेपर की दोबारा जांच और पेपर लीक के आरोपों की एसआईटी जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि अगले आठ दिनों में इस मामले में ठोस कार्रवाई की जाएगी। छात्र प्रतिनिधियों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा, अगर आपके पास सबूत हैं, तो हम कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं। आपने जो मुद्दे उठाए हैं, उन्हें मैंने स्वीकार किया है। चाहे मामला दोबारा जांच का हो या स्ढ्ढञ्ज जांच का, मैं आपके उठाए मुद्दों से सहमत हूं।
बैठक में एमपीएसी राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 के अंकों के पुनर्मूल्यांकन (री-वेरिफिकेशन) का मुद्दा भी उठाया गया। छात्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाया। परीक्षा के इंटरव्यू स्थगित करने को लेकर भी चर्चा हुई। छात्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने परीक्षा से जुड़े सभी मामलों को ‘वी राधा समिति’ के समक्ष रखने का निर्देश दिया है। छात्र प्रतिनिधियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो उन्हें दोबारा आंदोलन करने का अधिकार है। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद छात्रों ने भूख हड़ताल वापस लेने को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय छात्रों की बैठक के बाद लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

