home page

नैना क्षेत्र में 15 लाख रोजगार सृजन का लक्ष्य, भूमिपुत्रों को प्राथमिकता : फडणवीस

 | 
नैना क्षेत्र में 15 लाख रोजगार सृजन का लक्ष्य, भूमिपुत्रों को प्राथमिकता : फडणवीस


- मुख्यमंत्री ने नैना क्षेत्र की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास- ‘तीसरी मुंबई’ बनेगी महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था का नया ग्रोथ इंजन

मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि नवी मुंबई एयरपोर्ट इम्पैक्ट नोटिफाइड एरिया (नैना) के नियोजित विकास से करीब 15 लाख रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें पांच लाख रोजगार उच्च वेतन वाले होंगे। रोजगार के इन अवसरों में स्थानीय भूमिपुत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री फडणवीस रविवार को रायगढ़ जिले की पनवेल तहसील के शिरढोण में नैना क्षेत्र की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की पूर्वी कनेक्टिविटी के लिए तैयार एसबीआर-9, बीआर-4, बीआर-5 और उरण बाईपास ब्रिज का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम के दौरान भूमि मालिकों को संपत्ति संबंधी दस्तावेज वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को विश्वास में लेकर और आधुनिक बुनियादी ढांचे तथा बेहतर कनेक्टिविटी के माध्यम से उन्हें विकास का भागीदार बनाकर विकसित की जा रही ‘तीसरी मुंबई’ महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था का नया ग्रोथ इंजन बनेगी। उन्होंने कहा कि भूमि मालिकों को उनके अधिकारों से संबंधित दस्तावेज सौंपने के बाद ही विकास कार्यों का शिलान्यास करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत गांववार सर्वेक्षण, भूखंडों की पहचान, मालिकाना हक के रिकॉर्ड और आवश्यक दस्तावेजों से जुड़ी प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि भूमि मालिकों की समस्याओं का समाधान होने तक राज्य सरकार उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि नैना क्षेत्र का विकास केवल सड़कों, इमारतों और शहरी बस्तियों के निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रोजगार सृजन, जलापूर्ति और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। एजुसिटी, मेडिसिटी, स्पोर्ट्स सिटी, एरोसिटी और नॉलेज सिटी जैसी योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक विकास के नए अवसर पैदा किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि नैना परियोजना मुंबई, नवी मुंबई, रायगढ़, ठाणे और पालघर के विकास को नई दिशा देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में मुंबई महानगर क्षेत्र के साथ-साथ पुणे, छत्रपति संभाजीनगर और नागपुर जैसे शहरों में भी विकास के नए केंद्र तैयार हो रहे हैं। आने वाले समय में ठाणे, नवी मुंबई, रायगढ़ और पालघर राज्य के आर्थिक विकास के प्रमुख इंजन बनेंगे। उन्होंने दोहराया कि विकास की इस प्रक्रिया में भूमिपुत्रों को साथ लेकर चलना और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, रायगढ़ के पालकमंत्री भरत गोगावले, जिला परिषद अध्यक्ष मंगेश वाकडिकर, सांसद श्रीरंग बारणे और सुनील तटकरे, अतुल पाटिल, पूर्व सांसद रामशेठ ठाकुर तथा विधायक निरंजन डावखरे, अनिकेत तटकरे, ज्ञानेश्वर म्हात्रे, विक्रांत पाटिल, प्रशांत ठाकुर, रवींद्र पाटिल, महेश बाल्दी और महेंद्र दलवी उपस्थित थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव