home page

एमएच-सीईटी परीक्षा की शिकायतों की जांच करेगी एसआईटी: देवेंद्र फडणवीस

 | 

मुंबई, 15 सितंबर (हि.स)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि इंजीनियरिंग समेत अन्य प्रोफेशनल कोर्स में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली एमएच-सीईटी परीक्षा से जुड़ी शिकायतों की व्यापक जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि हाल ही में शिक्षकों और छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एमएच-सीईटी से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उनके सामने उठाया था। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सभी मामलों में एफआईआर दर्ज करने और पुलिस के संयुक्त आयुक्त स्तर के अधिकारियों से जांच कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कथित डेटा लीक के मामले में फोरेंसिक ऑडिट कराने का भी आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की परीक्षाओं को लेकर भी सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही एमपीएससी की कुछ परीक्षाओं को स्थगित करने का फैसला कर चुकी है। समिति के अध्यक्ष की ओर से की गई टिप्पणियों का गलत अर्थ निकाला गया है। उन्होंने कहा, फिलहाल कोई भी परीक्षा ऑनलाइन आयोजित नहीं की जा रही है। उन्हाेंने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऑनलाइन परीक्षा को लेकर कोई भी निर्णय छात्रों से चर्चा के बाद ही लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव