मुख्यमंत्री फडणवीस ने गिरगांव चौपाटी पर भगवान गणेश को विदाई दी
मुंबई, 25 सितंबर (हि.स.)। गिरगांव चौपाटी पर गणेश विसर्जन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को गणेश प्रतिमाओं पर पुष्पवर्षा कर भावपूर्ण विदाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने प्रार्थना की कि ‘कुबुद्धि का विसर्जन हो और सभी को सद्बुद्धि मिले।’
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पत्रकारों को बताया कि राज्यभर में गणेश विसर्जन की शोभायात्राएं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो रही हैं। मुंबई और पुणे में पुलिस प्रशासन तथा महानगरपालिकाओं की ओर से विशेष रूप से अच्छी व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके चलते विसर्जन जुलूस शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से आगे बढ़ रहे हैं।
फडणवीस ने महाराष्ट्र पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि महाराष्ट्र पुलिस देश ही नहीं, बल्कि विश्व के सक्षम पुलिस बलों में से एक है। गणेशोत्सव के अवसर पर उन्होंने सभी के लिए सद्बुद्धि की कामना की।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान नागरिकों ने अनुशासन और पर्यावरण-अनुकूल उत्सव मनाने के आह्वान को सकारात्मक प्रतिसाद दिया। उन्होंने कहा कि मुंबई महानगरपालिका और मुंबई पुलिस ने गणेशोत्सव के लिए अत्यंत सुव्यवस्थित एवं अनुशासित नियोजन किया।
इस अवसर पर समारोह में कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े, सांसद मिलिंद देवरा, विधायक अमित साटम, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, आयुक्त अश्विनी भिडे, मुंबई की जिलाधिकारी आंचल गोयल, बेस्ट समिति की अध्यक्षा तृष्णा विश्वासे, अतिरिक्त आयुक्त अविनाश ढाकणे, उपायुक्त चंदा जाधव एवं प्रशांत सपकाल, सहायक आयुक्त संतोष सालुंके सहित विभिन्न देशों के भारत स्थित महावाणिज्यदूत और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

