home page

अदालतों के कर्मचारियों की मांगों पर फैसला लेने के लिए बनेगी तीन सदस्यीय समिति : फडणवीस

 | 
अदालतों के कर्मचारियों की मांगों पर फैसला लेने के लिए बनेगी तीन सदस्यीय समिति : फडणवीस


मुंबई, 26 नवम्बर (हि.स.)। महाराष्ट्र में अधीनस्थ अदालतों में कार्यरत कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के समाधान की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को घोषणा की कि न्यायालयीन कर्मचारियों की मांगों को लेकर मुंबई उच्च न्यायालय द्वारा गठित समिति की सिफारिशों के क्रियान्वयन पर विचार करने के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर सरकार आगे आवश्यक निर्णय लेगी।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सह्याद्री अतिथिगृह में न्यायालयीन कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विधि एवं न्याय राज्यमंत्री एडवोकेट आशीष जायसवाल भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रस्तावित समिति में मुंबई उच्च न्यायालय के महाप्रबंधक, विधि एवं न्याय विभाग के प्रधान सचिव और वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव शामिल होंगे। यह समिति उच्च न्यायालय की पूर्ववर्ती समिति द्वारा प्रस्तुत सिफारिशों का विस्तृत अध्ययन करेगी और उनके क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। इसके बाद राज्य सरकार सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक निर्णय लेगी।

फडणवीस ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर फैसला लेने से पहले शासन के अन्य विभागों और स्तरों पर समान संवर्ग के कर्मचारियों को मिलने वाले वेतनमान, भत्तों और सुविधाओं का तुलनात्मक अध्ययन करना जरूरी है। इसके साथ ही प्रस्तावित निर्णयों से राज्य के सरकारी खजाने पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ का भी आकलन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुंबई उच्च न्यायालय ने इससे पहले न्यायालयीन कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर विचार करने के लिए दो न्यायाधीशों की समिति गठित की थी। इस समिति ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। अब नई तीन सदस्यीय समिति पूर्व में दी गई सिफारिशों के क्रियान्वयन की व्यवहार्यता, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और वित्तीय पहलुओं की समीक्षा करेगी।

बैठक में मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, मुंबई उच्च न्यायालय के महाप्रबंधक शेखर मुघाटे, विधि एवं न्याय विभाग के प्रधान सचिव स्वप्निल खटी, अपर मुख्य सचिव वेणुगोपाल रेड्डी, प्रमुख सचिव (लेखा एवं कोषागार) ऋचा बागला सहित विभिन्न न्यायालयीन कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अंचल तिवारी