शिक्षा का उद्देश्य जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है : मुख्यमंत्री फडणवीस
मुंबई, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मुंबई में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पढ़े-लिखे लोग तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है, जो अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग हों तथा समाज के प्रति संवेदनशीलता और देश के प्रति समर्पण की भावना रखें। ऐसे मूल्यनिष्ठ नागरिकों के निर्माण से ही देश की प्रगति को सही मायने में गति मिलेगी ।
मुख्यमंत्री फडणवीस आज दादर पश्चिम स्थित मुंबई पब्लिक स्कूल में मुंबई नगर निगम की ओर से शुरू की गई ‘सुजन नागरिक-सक्षम भारत (स्मार्ट नागरिक)’ शिक्षा पहल के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश भूषण गवई के हाथों नागरिक शास्त्र एवं संवैधानिक मूल्यों पर आधारित ‘स्मार्ट नागरिक’ तथा भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन पर आधारित ‘विद्यार्थी प्रेरणा’ पुस्तिकाओं का विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि आज विद्यार्थियों को विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए दुनिया भर की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो रही है। इससे जागरूक और समझदार पीढ़ी तैयार हो रही है। हालांकि, विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना और कर्तव्यबोध विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है। समाज की व्यवस्था और सहयोग के कारण ही व्यक्ति शिक्षा प्राप्त कर पाता है तथा अपने व्यक्तित्व का विकास कर सकता है। इसलिए विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी एहसास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा देश को दिया गया संविधान भारत की प्रगति का एक महत्वपूर्ण आधार है। संविधान में निहित मूल्यों को अपनाकर विद्यार्थी न केवल जागरूक नागरिक बन सकते हैं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों को समझने के साथ-साथ उसमें बताए गए कर्तव्यों का पालन करना भी जरूरी है। भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं बल्कि जीवन में अपनाए जाने वाले आदर्शों और सिद्धांतों का मार्गदर्शक है। विविध भाषाओं, जातियों, धर्मों और संस्कृतियों वाले भारत को समानता, न्याय और समान अवसरों के मूल्यों के आधार पर एकजुट रखने में संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस कार्यक्रम में महापौर रितु तावड़े, उपमहापौर संजय घाडी, विधायक अमित साटम, महेश सावंत और कालिदास कोलंबकर, शिक्षा समिति की अध्यक्ष राजश्री शिरवाडकर तथा महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े सहित जनप्रतिनिधि, महानगरपालिका के अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

