मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा : फडणवीस
मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार के प्रमुख (हेड ऑफ गवर्नमेंट) के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि साल 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा हो जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक 25 वर्षों की सेवा यात्रा पूरी होने के अवसर पर महाराष्ट्र भाजपा ने बुधवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘विकसित भारत 2047’ संकल्प बैठक और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर गिरगांव चौपाटी के पास भारतीय विद्या भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा सहित अन्य नेता मौजूद थे।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने 25 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा की। उन्होंने कहा कि मोदी की यह यात्रा समर्पण, विकास और जनकल्याण को समर्पित रही है।
फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देश दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। देश के करीब 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर लाने में भी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह लक्ष्य हासिल किया जाएगा।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

