home page

सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध, जल्द जारी होंगे 500 नियुक्ति आदेश : देवेंद्र फडणवीस

 | 
सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध, जल्द जारी होंगे 500 नियुक्ति आदेश : देवेंद्र फडणवीस


-नागपुर में ‘स्वप्नपूर्ति’ आवास परियोजना और महर्षि सुदर्शन वाल्मीकि कॉलोनी का भूमिपूजन- पीएम आवास योजना के विस्तार का किया ऐलान

मुंबई, 12 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार सफाई कर्मचारियों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। महानगरों की बढ़ती आवश्यकताओं और चुनौतियों को देखते हुए लाड-पागे समिति की सिफारिशों के आधार पर जल्द ही लगभग 500 लोगों को नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री नागपुर महानगरपालिका की ओर से महर्षि सुदर्शन वाल्मीकि कॉलोनी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 (शहरी) के अंतर्गत विकसित की जाने वाली ‘स्वप्नपूर्ति’ आवास परियोजना के भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महर्षि सुदर्शन वाल्मीकि के नाम पर सफाई कर्मचारियों के लिए विकसित की जा रही कॉलोनी के निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि सफाई कर्मचारियों के सम्मानजनक और बेहतर जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के अपने घर के सपने को साकार करने वाली केंद्र और राज्य सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इस योजना का विस्तार राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों तक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इसका लाभ मिल सके।

फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल आधारभूत संरचना का विकास करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन स्तर में सुधार लाना है। इसी उद्देश्य से आवास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, राज्य के राजस्व मंत्री एवं नागपुर के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, वित्त राज्य मंत्री एडवोकेट आशीष जायसवाल, महापौर नीता ठाकरे, सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष शेरसिंह डागोर, उपमहापौर लीला हातीबेड, स्थायी समिति की अध्यक्ष शिवानी दाणी, पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी, नगर आयुक्त डॉ. विपीन इटनकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव