home page

महिलाओं को लोक सभा और विधान सभा में आरक्षण देने का निर्णय महात्मा फुले को सच्ची श्रद्धांजलि : मुख्यमंत्री

 | 

मुंबई, 11 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को पुणे में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोक सभा और विधान

सभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का जो निर्णय लिया है, वह महात्मा ज्योतिबा फुले के महिला शिक्षा और सशक्तीकरण के विचारों के अनुरूप है और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।

मुख्यमंत्री फडणवीस आज महात्मा ज्योतिबा फुले की द्विशताब्दी जयंती वर्ष के अवसर पर उनके मूल गांव खानवडी (तहसील पुरंदर) में पुणे जिला परिषद की ओर से निर्मित ‘ज्योति-सावित्री जिला परिषद विद्यालय’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महात्मा फुले के पैतृक गांव में निर्मित यह अत्यधुनिक विद्यालय द्विशताब्दी वर्ष की सबसे उपयुक्त शुरुआत है। यह राज्य का पहला जिला परिषद विद्यालय है जो कक्षा 1 से 12 तक सीबीएसई पद्धति पर आधारित है और ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्रदान करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि यहां के विद्यार्थी वैश्विक स्तर पर आगे बढऩे की क्षमता विकसित कर रहे हैं और कुछ छात्राएं इसरो और नासा जैसी संस्थाओं तक पहुंच चुकी हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि इस विद्यालय की स्थापना पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पहल से हुई है और उन्होंने इसके हर चरण पर विशेष ध्यान दिया। ग्रामीण विद्यार्थियों द्वारा फ्रेंच और जर्मन जैसी विदेशी भाषाएं सीखना बदलती शिक्षा व्यवस्था का संकेत है। उन्होंने कहा कि महात्मा फुले केवल समाज सुधारक ही नहीं थे, बल्कि प्रगतिशील किसान, सफल उद्यमी और दूरदर्शी विचारक भी थे। उन्होंने कृषि में नए प्रयोग कर किसानों को वर्षभर आय का मॉडल दिया और उनके साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया। मुंबई महानगरपालिका भवन, खडकवासला बांध, येरवडा जेल और कात्रज सुरंग जैसे प्रकल्पों में उनकी दूरदर्शिता दिखाई देती है।

इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल, ग्राम विकास मंत्री जयकुमार गोरे, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, विद्यालय शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे, कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे, अल्पसंख्यक मंत्री अतुल सावे, कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिती तटकरे, शिक्षा राज्य मंत्री योगेश कदम आदि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव