home page

भारतीय संविधान ने सबको बराबरी का अधिकार दिया है : मुख्यमंत्री

 | 

मुंबई, 20 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने रायगढ़ जिले के महाड में शुक्रवार को कहा, भारतीय संविधान ने सभी को बराबर अधिकार दिए हैं। इसी संविधान की वजह से भारत तरक्की की राह पर है। इसलिए, सभी को गैर-बराबरी और छुआछूत को खत्म करने और बराबरी वाला समाज बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

मुख्यमंत्री फडणवीस आज महाड में ऐतिहासिक चावदार झील सत्याग्रह के शताब्दी वर्ष की शुरुआत के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्हाेंने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के नेतृत्व में यह सत्याग्रह सिर्फ पानी के लिए नहीं था, बल्कि मानवता की गरिमा की लड़ाई थी। उन्हाेंने कहा कि हालांकि 1923 में सार्वजनिक जल निकायों को सभी के लिए खोलने के लिए एक कानून पारित किया गया था, लेकिन समाज के कुछ वर्गों ने इसे लागू होने से रोक दिया।

इस अन्याय के खिलाफ डॉ. बाबासाहब आंबेडकर द्वारा शुरू किया गया चावदार झील सत्याग्रह सामाजिक समानता के लिए एक क्रांतिकारी मंच बन गया। यह संघर्ष सिर्फ पीने के पानी के लिए नहीं था, बल्कि असमानता और छुआछूत की व्यवस्था के खिलाफ एक मानवीय लड़ाई थी। इस सत्याग्रह के कारण, देश के सभी सार्वजनिक जल निकाय सभी के लिए खोल दिए गए और समानता की नींव रखी गई।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस संघर्ष के इतिहास को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्हाेंने चावदार झील के पानी को साफ़ करने और इलाके के सौंदर्यीकरण के लिए 55 करोड़ 80 लाख रुपये मंज़ूर किए गए हैं।

इस मौके पर केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले, महिला और बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे, उद्योग और मराठी भाषा मंत्री डॉ. उदय सामंत, सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट, रोजगार गारंटी योजना बागवानी और नमक भूमि विकास मंत्री भरत गोगावले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव