ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई सभी को मिलकर लडऩी होगी : देवेंद्र फडणवीस
मुंबई, 30 जुलाई, (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को ड्रग के खिलाफ लड़ाई सभी को साथ मिलकर लडऩी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि देश के भविष्य और युवा पीढ़ी की सुरक्षा से जुड़ा राष्ट्रीय अभियान है।
मुख्यमंत्री फडणवीस आज वर्ली डोम में आयोजित ‘ड्रग फ्री मुंबई’ अभियान के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत विज्ञान, प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष अनुसंधान और रक्षा क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलकर देश को भीतर से कमजोर करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने ड्रग्स को इस गुप्त युद्ध का सबसे खतरनाक हथियार बताते हुए प्रत्येक नागरिक से इसके खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, स्कूल शिक्षा विभाग, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और समाज के सभी वर्गों के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक है। ड्रग्स की तस्करी, निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा स्कूलों और कॉलेजों के आसपास सक्रिय गिरोहों का पूरी तरह सफाया किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार अगले दो से चार वर्षों में ‘ड्रग फ्री मुंबई’ के लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करेगी। राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों में ‘ड्रग फ्री कैंपस’ और ‘ड्रग फ्री स्कूल’ अभियान प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। इस संबंध में सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि ड्रग्स से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उपयोगी जानकारी देने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
इस अवसर पर कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री तथा राज्य स्तरीय ड्रग डिटॉक्सिफिकेशन अभियान समिति के अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा, मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, मंडल आयुक्त रूबल अग्रवाल, मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी सौरभ कटियार, मुंबई शहर की जिलाधिकारी आंचल गोयल, समिति की गैर-सरकारी सदस्य सपना श्रॉफ, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, चिकित्सक, परामर्शदाता, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

