home page

आशाजी के गाने कई पीढ़ियों को खुश करते रहेंगे : मुख्यमंत्री फडणवीस

 | 

मुंबई, 08 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को मुंबई में कहा कि आशाजी की आवाज़ और उनके गाने आने वाली कई पीढिय़ों को खुश करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने आशा भोसले को याद करते हुए कहा कि वह बेहद जिंदादिल इंसान थीं। 90 साल की उम्र में भी मंच पर उनकी ऊर्जा और जिंदगी के प्रति उनका उत्साह साफ दिखाई देता था।

मशहूर गायिका आशा भोसले की 93वीं जयंती के मौके पर आज मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कंपोजर ए. आर. रहमान द्वारा तैयार किए गए गाने ‘आशा फॉरएवर’ को लॉन्च किया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि आशाजी की पूरी जिंदगी खुशी, जोश और जिंदादिली से भरी रही। दशकों तक अपनी आवाज़ से लोगों को खुश करने वाली इस महान गायिका की यादों और समृद्ध संगीत विरासत को संजोकर रखना हमारी जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ बनाया गया ‘आशा फॉरएवर’ उनके लिए एक खूबसूरत श्रद्धांजलि है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आशा भोसले की आवाज़ एक कभी खत्म न होने वाला अनुभव है। जब तक उनके गाने सुने जाएंगे, वह लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी। उन्होंने उनकी यादों को संजोने के लिए हर साल इस तरह की गतिविधियां आयोजित करने की जरूरत पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने गाना तैयार करने के लिए ए. आर. रहमान, सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार और पूरी टीम को बधाई दी।

सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि आशा भोसले का महाराष्ट्र के हर मराठी व्यक्ति के साथ-साथ देश-विदेश के संगीत प्रेमियों से भी गहरा रिश्ता रहा है। उन्होंने मराठी सहित कई भारतीय और विदेशी भाषाओं में गाने गाए और अपनी आवाज़ के जरिए भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाई।

ए. आर. रहमान ने कहा कि ‘आशा फॉरएवर’ आशाजी को एक विनम्र श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा, आशाजी महाराष्ट्र, भारत और पूरी दुनिया की बेटी हैं। उनकी आवाज़ और संगीत विरासत हमेशा जीवित रहेगी। इस दौरान जनाई भोसले ने गाने के निर्माण से जुड़ी जानकारी साझा की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री फडणवीस ने ‘आशा फॉरएवर’ का आधिकारिक लॉन्च किया और इसका ऑडियो-विजुअल प्रेजेंटेशन भी किया।

इस मौके पर सांस्कृतिक कार्य मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार, ए. आर. रहमान, आशा भोसले की पोती जनाई भोसले, भोसले परिवार के सदस्य और फिल्म व संगीत जगत की कई हस्तियां मौजूद थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव