पुलिस और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सरकार लेगी जरूरी फैसले : देवेंद्र फडणवीस
मुंबई , 26 नवम्बर (हि.स.)। राज्य सरकार पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार महत्वपूर्ण फैसले ले रही है। भविष्य में भी नियमों और कानून के दायरे में पुलिस विभाग की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। सरकार पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक रुख अपनाएगी। यह बातें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया में महाराष्ट्र पुलिस बॉयज संगठन की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम को कही।
कार्यक्रम का आयोजन 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले और पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों तथा निर्दोष नागरिकों की स्मृति में किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस परिवारों की सुविधा के लिए संगठन की ओर से उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एंबुलेंस का लोकार्पण भी किया।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 26 नवंबर का दिन भारतीय संविधान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। इसी दिन भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा राष्ट्र को समर्पित संविधान को याद किया जाता है। इसके साथ ही यह दिन मुंबई पर हुए 26/11 के कायराना आतंकी हमले में शहीद हुए पुलिस अधिकारियों, जवानों और निर्दोष नागरिकों के बलिदान को नमन करने का भी दिन है।
उन्होंने कहा कि 26/11 का आतंकी हमला केवल ताज होटल, ट्राइडेंट होटल या छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर किया गया हमला नहीं था, बल्कि यह भारत की संप्रभुता और संविधान पर सीधा हमला था। इस हमले के दौरान महाराष्ट्र पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए आतंकवादियों का मुकाबला किया।
मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिसकर्मी तुकाराम ओंबले के बलिदान को याद करते हुए कहा कि, उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना आतंकवादी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा था। उनके इस साहसिक कदम के कारण पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का असली चेहरा पूरी दुनिया के सामने उजागर हुआ। उन्होंने कहा कि मुंबई उस समय भी नहीं रुकी थी और भविष्य में भी कभी नहीं रुकेगी। कोई भी आतंकवादी महाराष्ट्र और भारत के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकता। आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट होकर खड़ा है।
देवेंद्र फडणवीस ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हमला मानवता पर कलंक था। भारत के जवानों या निर्दोष नागरिकों पर होने वाले किसी भी हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपने दृढ़ संकल्प और कार्रवाई के माध्यम से यह स्पष्ट कर दिया है कि देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र पुलिस बॉयज संगठन की ओर से उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर भी सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती, प्रशिक्षण, पुलिसकर्मियों के बच्चों से जुड़े मुद्दों और पुलिस परिवारों के कल्याण के लिए राज्य सरकार लगातार आवश्यक निर्णय ले रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को अलग से ध्यान में रखते हुए कानून एवं नियमों के दायरे में उनके हित में जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अंचल तिवारी

