महाराष्ट्र बजटः मुख्यमंत्री ने राज्य का 40,552 करोड़ रुपये घाटे का बजट पेश किया
मुंबई, 06 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को विधानसभा में महाराष्ट्र का वर्ष 2026-27 के लिए 40,552 करोड़ रुपये घाटे का बजट पेश किया। इस बजट में राज्य का रेवेन्यू कलेक्शन 6,16,099 करोड़ रुपये और रेवेन्यू खर्च 6,56,651 करोड़ रुपये होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को विधानसभा और वित्त राज्यमंत्री आशीष जायसवाल ने विधान परिषद् में साल 2026-27 का बजट पेश किया। अपने बजट भाषण में मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि राज्य ने फिस्कल डिसिप्लिन बनाए रखा है। सरकार फिस्कल रिस्पॉन्सिबिलिटी और फाइनेंशियल मैनेजमेंट एक्ट के अनुसार राज्य के फिस्कल डेफिसिट को ग्रॉस स्टेट इनकम के 3 परसेंट से नीचे रखने में सफल रही है। इसी तरह राज्य का रेवेन्यू डेफिसिट लगातार ग्रॉस स्टेट इनकम के 1 परसेंट से नीचे रहा है। बजट आंकड़ों के अनुसार 2026-27 के लिए राज्य का कुल फिस्कल डेफिसिट 1,50,491 करोड़ रुपये होने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लाडली बहन योजना को न केवल जारी रखने वाली है बल्कि उचित समय पर इसकी धनराशि भी बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने बजट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी बुलेट ट्रेन योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस बजट में राज्य में बुलेट ट्रेन के तीन स्टेशन बनाए जाने का प्रावधान किया है।
इसी तरह राज्य सरकार ने पालघर जिले और रायगढ़ जिले का विस्तार किए जाने की भी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने तीसरी मुंबई और चौथी मुंबई की संकल्पना सभागृह में पेश किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका विजन वर्ष २०४७ तक होने वाली आबादी को ध्यान में रखकर है। उस समय तक लोगों को शहरी सुविधा को ध्यान में रख कर तीसरी मुंबई और चौथी मुंबई का विकसित होना जरुरी है। मुख्यमंत्री ने बजट में मुंबई शहर में भी कई विकास योजनाओं की घोषणा की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

